हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल अक्षय तृतीया का त्योहार वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है. इस साल अक्षय तृतीया 03 मई 2022, मंगलवार को है. अक्षय तृतीया के दिन को हिंदू धर्म में बेहद शुभ माना जाता है. इस दिन बिना मुहूर्त के भी शुभ व मांगलिक कार्य किए जा सकते हैं.
अक्षय तृतीया के दिन भगवान परशुराम ने महर्षि जमदग्नि और माता रेणुका देवी के घर जन्म लिया था. भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है. इसलिए इस दिन भगवान विष्णु की पूजा अर्चना की जाती है. अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम की पूजा करने का भी विधान है.
अक्षय तृतीया के दिन जरूरतमंदों को दान पुण्य करना अत्यंत महत्वपूर्ण है. पंडित जी के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन एक गरीब को घर बुलाकर आदर पूर्वक भोजन अवश्य कराना चाहिए. ये काम गृहस्थ लोग अवश्य करें इससे धन धान्य में अक्षय वृद्धि होती है. अपनी धन संपत्ति में कई गुना इजाफा पाने के लिए अपनी कमाई का कुछ हिस्सा अक्षय तृतीया पर दान करना चाहिए.अक्षय तृतीया के दिन सोना-चांदी खरीदना काफी शुभ माना जाता है. इस दिन माता लक्ष्मी और विष्णु भगवान की पूजा-अर्चना करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है.
अक्षय तृतीया मंगलवार, मई 3, 2022 को अक्षय तृतीया पूजा मुहूर्त – सुबह 05 बजकर 59 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 26 मिनट तक
अवधि – 06 घण्टे 27 मिनट्स
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का समय – 3 मई 2022 सुबह 05 बजकर 59 मिनट से लेकर 4 मई 2022 सुबह 7 बजकर 58 मिनट तक.

