नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो झारखंड की टीम ने चंदनकियारी थाना इलाके में सुभाष चौक के पास से गांजा लेकर जा रहे पिक-अप-वैन को जब्त कर लिया. वैन में अदरक लदा था. अदरक के पैकेट में छिपाकर गांजा ले जाया जा रहा था.
पुलिस ने 538 किलो गांजा बरामद करने के साथ वाहन के चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि रांची एनसीबी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद चंदनकियारी में सुभाष चौक पर पुरुलिया रोड पर बैंक आफ इंडिया शाखा के पास वैन को रोका. पिकअप वैन पुरुलिया की ओर से आ रही थी. इस वाहन में 269 पैकेट में भरा कुल 538 किलो गांजा छिपा कर रखा हुआ था. वाहन चालक को मदद कर रहा एक बाइक चालक मौके से भागने में सफल रहा.

