धनबाद : जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित लिलोरी मंदिर स्थित कतरी नदी पर बने पुल से नीचे गिरने से एक युवक की मौत हो गई. घटना रविवार देर रात की है. लोगों को इसकी सूचना सोमवार सुबह मिली. युवक अपने ट्रैक्टर पर बालू लोड कर झिंझिपहाड़ी की ओर आ रहा था और इसी दौरान अनियंत्रित होकर पुल से करीब 20 फीट नीचे ट्रैक्टर समेत नदी के किनारे जा गिरा. घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर व बालू के नीचे दबे शव को बाहर निकाल पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया.
मृतक की पहचान मुकेश मंडल (26) के रूप में की गई. वो गिरिडीह के पल्मा का रहने वाला था. घटना के बाद मृतक के परिजन पल्मा से मौके पर पहुंचे. परिजनों ने बताया कि तीन माह पहले ही उसने अपने नाम पर ट्रैक्टर खरीदा था. रविवार की देर रात बराकर नदी से बालू लोड कर निकला था. बीच में यह हादसा हो गया. मुकेश घर का इकलौता पुत्र था. उसके पिता खेती करते हैं.

