रांची: झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत बालूमाथ -टोरी-शिवपुर रेल लाइन के बीच फुलबसिया स्टेशन के निकट शनिवार को सुबह मालगाड़ी के इंजन में आग लग गयी। लेकिन रेलवे कर्मियों की तत्परता से तत्काल इंजन से कोयला लदे बोगियों को अलग कर दिया गया,ताकि नुकसान को कम किया जा सके।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोयला लेकर मालगाड़ी फुलबसिया से टोरी स्टेशन की ओर जा रही थी। इसी बीच बुकरु स्टेशन और फूलबसिया के बीच इंजन में शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य टेक्निकल प्रॉब्लम की वजह से आग लग गयी। आग लगने के बाद कोयला लोड बोगी को खोल कर तत्काल अलग कर दिया गया और इंजन में लगी आग को बुझाने की कोशिश शुरू हुई। इस आगजनी की घटना से टोरी-शिवपुर रूट पर चलने वाली सभी ट्रेनों का परिचालन घंटों बाधित रहा
मालगाड़ी में आगजनी की खबर मिलते ही रेल प्रशासन की ओर से घटना के जांच के आदेश दे दिये गये है। वहीं रेलवे अधिकारियों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

