अयोध्या-लखनऊ हाईवे थाना कैंट के मुमताज नगर पर एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में एक बस पलटने से दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. दुर्घटना में दो की मौत हो गयी जबकि हादसे में 30 से ज्यादा यात्रियों के घायल हो गये. बस दिल्ली से बस्ती, सिद्धार्थनगर की तरफ जा रही थी. घायलों को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है. सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद अयोध्या क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
कहा जा रहा है कि बस की रफ्तार काफी ज्यादा थी. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की जानकारी मिलते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घटनास्थल पर रवाना कर दिया. अधिकारी पूरी घटना की जांच में जुट गए हैं.
सीएम योगी ने डीएम और एसएसपी को तत्काल मौके पर भेज कर राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं. हादसे के बाद क्रेन की मदद से फंसे लोगों को निकाला गया. उसके बाद बीच सड़क से बस को हटाया गया. दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने बयान जारी कर कहा कि घायलों की हर संभव मदद की जा रही है.

