अवध असम एक्सप्रेस में एसी बोगी में एस्कॉर्ट कर रही महिला सिपाही से रायफल छीनने का प्रयास करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. बताया गया कि आरोपित युवक शराब के नशे में धुत था। उसने महिला एस्कॉर्ट पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी की। जब महिला पुलिसकर्मी ने विरोध किया तो उसका हथियार छीनने का प्रयास किया। मैगजीन भी ले लिया। हालाँकि महिला पुलिसकर्मी पूरी दिलेरी के साथ युवक से भीड़ गयी. एस्कॉर्ट का नेतृत्व कर रहे एएसआई जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपित को किसी तरह काबू में कर गिरफ्तार कर लिया। युवक सेना का जवान बताया जा रहा है। गिरफ्तार युवक को हाजीपुर जीआरपी के हवाले किया गया है। घटना मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड के तुर्की स्टेशन के समीप की है.
जानकारी के अनुसार बी वन बोगी के 35 नंबर सीट पर एक युवक अपनी सीट पर बैठ कर शराब पी रहा था. पुलिसकर्मी को शक हुआ कि शराब की बदबू आ रही तो उसने पूछताछ की। इसमें वह बकझक करने लगा। विरोध करने पर उसने हथियार छीनने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे एसएसआई जितेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसकी गिरफ्तारी की गयी।
जीआरपी थानेदार दिनेश कुमार साहू ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। युवक को गिरफ्तार किया गया है। वह शराब के नशे में था। एस्कॉर्ट टीम ने आरोपी युवक की सीट से एक ट्रॉली बैग व एक बैग बरामद किया है। एक शराब की खाली बोतल व एक आधी भरी बोतल भी बरामद की।

