धनबाद के कोयला के काले धंधे में मैथन में दो पक्षों में जम कर मारपीट हुई. गोलीबारी हुई. भट्ठा संचालक एवं उनके समर्थकों द्वारा चार-पांच राउंड गोली चलने की बात कही जा रही है. हालाँकि पुलिस गोली चालन से इंकार कर रही है. एसडीपीओ पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. पुलिस दोषियों पर कार्रवाई करेगी. जानकारी के अनुसार मैथन के कालीमाटी ग्राम के समीप अवैध कोयले की खरीदारी को लेकर भट्ठा संचालक और ग्रामीणों में बहस हो गयी. विवाद बढ़ा और दोनों पक्ष आपस में भीड़ गये. दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गए. सात बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई. घटना के बाद मैथन, गलफरबाड़ी व चिरकुंडा पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पहुंचे. इसके बाद भट्ठा संचालक के समर्थक एवं ग्रामीण इधर-उधर भाग गए. मैथन पुलिस भट्ठा के अंदर से करीब 30 से 35 टन कोयला जब्त कर छानबीन कर रही है.

