वाराणसी में एक घर में आग लगने से पिता पुत्र समेत चार की मौत जलने से हो गयी. दोनों बिहार के अररिया के रहने वाले थे. घटना पर सीएम योगी ने गहरा दुख जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा निधि से सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख राहत राशि देने का निर्देश दिया है.
घटना भेलूपुर थाना क्षेत्र के कमच्छा के अशफाक नगर की है. गुरुवार को एक मकान के कमरे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी. कमरे में दो दरवाजे थे दोनों दरवाजे बंद थे. एक दरवाजे के पास शार्ट सर्किट से आग लगी. आग साड़ियों के गट्ठर तक जा पहुंची और कुछ ही मिनटों में आग धधक उठी. दूसरा दरवाजा भी खोलने का मौका नहीं मिला. चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग पहुंचते तब तक चारों की मौत हो गई थी. बंद कमरे में चारों जिंदा ही झुलसकर मर गए.
पिता आरिफ अहमद और पुत्र मोहम्मद शाबान साड़ी की पैकेजिंग का काम करते थे. यहां किराए का कमरा लेकर साड़ियों की पैकेजिंग करते थे. गुरुवार दोपहर भी साड़ी की पैकेजिंग कर रहे थे.

