आजमगढ़: आजमगढ़ में शराब का अवैध कारोबार चल रहा है. जिला के अहरौला थाना के माहुल कस्बे में शराब पीने से दस लोगों की मौत हो गयी. बताया जाता है कि शराब कस्बे के सरकारी दुकान से खरीदी गयी थी. घटना के बाद से ग्रामीण आक्रोशित है. मौत को लेकर आक्रोशित लोगों ने सोमवार की दोपहर दो बजे माहुल कस्बे में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. वे मुआवजा के साथ कार्यवाई की भी मांग कर रहे थे. सडक जाम के कारण सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतार लग गई थी. लोगों का आरोप था कि पुलिस व आबकारी विभाग की मिलीभगत से अवैध शराब का धंधा चल रहा है.
घटना की खबर मिलने के बाद पुलिस व प्रशासनिक महकमा सक्रिय हुआ. इसके बाद जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी, एसपी अनुराग आर्य, एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, सीओ बूढ़नपुर पहुंचे. बड़ी तादात में पुलिस फोर्स भी पहुंची. अधिकारियों ने लोगों को समझा कर जाम समाप्त कराया. इधर 24 घंटे में शराब पीने वालों को चिह्नित कर उन्हें अस्पताल भेजने की कवायद शुरू की गई. किसी को सीएचसी अहरौला तो किसी को सीएचसी फूलपुर भेजा गया. गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल भेजने की कवायद में भी महकमा जुटा रहा.

