यूक्रेन में नो-फ्लाई जोन की थी मांग
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की उस अपील को नाटो ने खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने यूक्रेन को नो-फ्लाई जोन घोषित करने की मांग की थी। मांग खारिज होने के बाद शनिवार को राष्ट्रपति जेलेंस्की नाटो पर खूब बरसे। जेलेंस्की ने कहा कि पश्चिम का सैन्य गठबंधन यूक्रेन में होने वाली मौतों और विनाश के लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नाटो की कमजोरी और एकता की कमी मास्को के हाथों को पूरी तरह से खोल देगी। रूस हवाई हमले तेज कर देगा।
बता दें कि शुक्रवार को नाटो ने रूसी मिसाइलों और युद्धक विमानों से यूक्रेन को बचाने में मदद करने के लिए यूक्रेन के आग्रह को खारिज कर दिया। अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने नाटो का पक्ष लिया और यूक्रेन पर नो-फ्लाई जोन के आह्वान को खारिज कर दिया। एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि नो-फ्लाई जोन का मतलब नाटो के विमानों को यूक्रेन के हवाई क्षेत्र में रूसी विमानों को मार गिराने के लिए भेजना होगा। इससे यूरोप में एक पूर्ण युद्ध हो सकता है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने नाटो के इस फैसले की निंदा की है। जेलेंस्की ने अपने हालिया संबोधन के दौरान कहा कि आज गठबंधन के नेतृत्व ने यूक्रेन के कस्बों और गांवों में और बमबारी को हरी झंडी दे दी। नो-फ्लाई जोन स्थापित करने से इनकार कर दिया।
मैं यूक्रेन में अपनी जगह पर ही हूं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने उनके देश छोड़कर भाग जाने को लेकर फैलाई जा रही सभी तरह की अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए शनिवार को साफ किया कि वह कहीं नहीं गए हैं, देश में ही हैं। इंस्टाग्राम पर श्री जेलेंस्की ने पोस्ट एक वीडियो में कहा कि मैं यहीं हूं अपनी जगह पर। हर दो दिन बाद मेरे यूक्रेन को छोड़कर भाग जाने की अफवाहें फैलाई जा रही है। मैं यहीं पर हूं राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख आंद्रे बोरिसोविच भी यहीं हैं। कोई कहीं नहीं भागा है हम काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि वेखोवना राडा सदस्य के हवाले से रूसी ड्यूमा स्पीकर व्याचेस्लाव वोलोदिन ने पहले कहा था कि श्री जेलेंस्की अब पोलैंड में हैं।

