आसनी चक्रवाती तूफान का असर बंगाल की खाड़ी में दिखने लगा है. मौसम विभाग ने ओडिशा, बंगाल और आंध्र प्रदेश में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही 10 मई को 125 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान किया गया है. इस दौरान तेज बारिश की भी संभावना है. तूफान का असर ओडिशा के साथ साथ बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. इन राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दक्षिणी अंडमान निकोबार द्वीप समूह से उठा चक्रवाती तूफान आज ओडिशा के समुद्री तटों से टकरा सकता है. हालांकि यहां पहुंचते पहुंचते इसकी तीव्रता कम हो जाएगी. चक्रवाती तूफान की वजह से झारखंड के उत्तर पूर्वी, दक्षिणी व मध्य हिस्सों में यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां समेत पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, गिरिडीह, पाकुड़ व साहेबगंज के अलावे मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, बोकारो, गुमला, हजारीबाग व खूंटी जिलों में बारिश होने की संभावना है.
उन्होंने कहा कि चक्रवाती तूफान का झारखंड में आंशिक असर ही देखने को मिलेगा और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 4 मिमी बारिश साहेबगंज में हुई. अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रांची का दर्ज किया गया है. वहीं दूसरी ओर 10, 11, 12 और 13 मई को राज्य के दक्षिण, मध्य व उत्तर पूर्वी हिस्सों में गर्जन व वज्रपात काे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 10 से 13 मई तक राज्य के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान है. इसके तहत राज्य के मध्य भाग यानी रांची के अलावा बोकाराे, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ़, दक्षिणी भाग यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां व सिमडेगा और उत्तर-पूर्वी भाग यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है.
मौसम केंद्र ने 14 और 15 मई को भी बारिश की संभावना जतायी है. 14 मई को राज्य के दक्षिण-पूर्वी भाग और 15 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग में कहीं-कहीं हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है. दूसरी ओर, 11 और 12 मई को राज्य के दक्षिण, मध्य तथा उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन या वज्रपात के साथ तेज हवा चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है.

