हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल का पहला सूर्य ग्रहण 30 अप्रैल 2022 को लगने वाला है. यह ग्रहण दक्षिण अमेरिका, दक्षिण प्रशांत महासागर आदि जगहों पर दिखाई देगा. ग्रहण 30 अप्रैल और 1 मई के बीच लगेगा. लेकिन इस ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं होगा. ऐसी मान्यता है कि जो ग्रहण जहां दिखाई नहीं देता, उसका असर भी वहां नहीं पड़ता है. भारत के किसी भी क्षेत्र में ये ग्रहण नहीं दिखेगा. इसलिए इस ग्रहण का धार्मिक महत्व नहीं होगा. सूर्य ग्रहण वृषभ राशि में लगेगा. यह ग्रहण शनिश्चरी अमावस्या के दिन लग रहा है. शनिवार के दिन पड़ने वाली अमावस्या को शनिश्चरी अमावस्या कहा जाता है. इस दिन स्नान, दान और पितरों का तर्पण किया जाता है. सूर्य ग्रहण से पहले ही पितरों का श्राद्धकर्म और स्नान दान करना शुभ रहेगा. ज्योतिषाचार्य की मानें तो ग्रहण 30 अप्रैल की रात 12 से शुरू होगा, इसलिए उससे पहले ही पितरों का श्राद्ध और तर्पण करना शुभ रहेगा. साल का दूसरा सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर 2022 को लगेगा.

