उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में भगवा पार्टी के जीत ख़ुशी में झारखण्ड विधानसभा में भगवा रंग दिखा. विपक्षी भाजपा के विधायक भगवा वस्त्र धारण कर विधानसभा पहुंचें. शुक्रवार को बजट सत्र में भगवा rang के परिधान में भाजपा के सभी विधायक विधानसभा मुख्य द्वार पर जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे लगाए. अपर्णा सेन गुप्ता, राज सिन्हा, ढुलु महतो, सीपी सिंह, बिरंची नारायण, मनीष जायसवाल सहित भाजपा विधायकों ने एक स्वर में कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम ने साफ़ कर दिया है कि अब परिवारवाद नहीं चलने वाला है. सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा देश की सबसे बड़ी परिवारवाद वाली पार्टी कांग्रेस को तो जनता ने पूरे देश से चलता तो कर ही दिया है, अखिलेश यादव को भी जनता ने धूल चटाया है. विधायक ढुल्लू महतो ने कहा कि चार राज्यों का चुनाव परिणाम तो झांकी है असली रिजल्ट तो 2024 में आना है. उन्होनें दावा किया कि 2024 में पूरे देश मे फिर से भगवा लहराएगा और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से केंद्र में सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि जिस तरह से यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा की जनता ने यह बता दिया कि देश और प्रदेश में अब सिर्फ और सिर्फ विकास की राजनीति चलेगी, तुष्टिकरण की राजनीति के लिए अब कोई जगह नहीं है. विधायक मनीष जयसवाल ने कहा कि जाति धर्म से ऊपर उठकर जनता ने वोट किया है. परिवारवाद की राजनीति करनेवालों को तमाचा जड़ने का काम किया है.

