उड़ीसा, बिहार, झारखंड में गांजा का धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ. झारखंड की सिमडेगा पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले धंधेबाजों को एक स्कॉर्पियो और 44 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार वहां चेकिंग के दौरान पुलिस ने सोमवार को UP 57 N 0377 नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका. पुलिस के रोकने पर ड्राइवर गाड़ी लेकर भागने लगा तो उसे खदेड़ कर पकड़ लिया गया. इस तस्कर गिरोह में महिलाएं भी शामिल हैं. जब्त किए गए स्कॉर्पियो में 2 पुरुष और 2 महिला सवार थे. पुलिस ने सबको गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए तस्कर की पहचान बेतिया के राजेश यादव, भूलन यादव, कमरून खातून और फुल कुमारी देवी के रूप में हुई है.
जिले की ठेठईटांगर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि पुलिस को उड़ीसा से गांजा की खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. तस्कर गांजा लेकर बिहार ले जा रहे थे. बिहार में पश्चिम चंपारण से लगे बॉर्डर से गांजा को नेपाल ले जाना था और नेपाल से इसे इंटरनेशनल मार्केट में सप्लाई करने की योजना थी. तस्करों ने बताया कि महिलाओं को ग्रुप में शामिल करने से धंधे में आसानी होती है क्योंकि महिलाओं पर पुलिस या अन्य लोग अक्सर विश्वास कर लेते हैं.

