प्रसिद्ध कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज का हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया है. बिरजू महाराज की तबीयत खराब होने के बाद दिल्ली के साकेत अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया.पद्म विभूषण से सम्मानित 83 साल के बिरजू महाराज ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अंतिम सांस ली.
बिरजू महाराज के पोते स्वरांश मिश्रा ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी.

लखनऊ के कत्थक घराने में पैदा हुए बिरजू महाराज के पिता अच्छन महाराज और चाचा शम्भू महाराज का नाम देश के प्रसिद्ध कलाकारों में शुमार था. उनका शुरुआती नाम बृजमोहन मिश्रा था.
2016 में मिला था फिल्मफेयर अवॉर्ड
बिरजू महाराज ने कई बॉलीवुड फिल्मों जैसे देवदास, डेढ़ इश्किया, उमराव जान और बाजी राव मस्तानी के लिए डांस कोरियोग्राफ किया था. इसके अलावा उन्होंने सत्यजीत राय की फिल्म ‘शतरंज के खिलाड़ी‘ में म्यूजिक भी दिया था. उन्हें साल 2012 में विश्वरूपम फिल्म में डांस कोरियोग्राफी के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. साल 2016 में बाजीराव मस्तानी के ‘मोहे रंग दो लाल‘ गाने की कोरियाग्राफी के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था.

