दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिला के छोटीगाम गांव में सोमवार देर शाम आतंकियों ने दवा विक्रेता कश्मीरी पंडित बाल कृष्ण ऊर्फ सोनू कुमार बालाजी पर अचानक हमला कर दिया. आतंकी हमला कर घटनास्थल से फरार हो गए. बल कृष्ण को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवा दिया गया है जहां उनका उपचार जारी है. इस घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है. बता दें कि पिछले 24 घंटों में आतंकियों ने कश्मीर में सुरक्षाबलों और आम नागिरकों को निशाना बनाते हुए चार बड़े हमले की खबर है. इससे पहले तीन आतंकी हमलों में गैर कश्मीरी मजदूरों और कश्मीरी व्यवसायी को निशाना बनाया गया. पुलवामा में सोमवार दोपहर को आतंकियों ने दो गैर स्थानीय मजदूरों पर हमला किया. जिसमें बिहार निवासी जोको चौधरी और उनके पुत्र थौग चौधरी घायल हो गये थे.

