आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खालिस्तान समर्थक बताये जाने के बाद पंजाब की राजनीति में हड़कंप मचा हुआ है. पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 10 मार्च को होगी. अभी पंजाब में कांग्रेस की सरकार है और अरविन्द केजरीवाल की आम आदमी पार्टी AAP भी पूरा जोर लगाये हुए है.
आप कुमार विश्वास द्वारा लगाये गये आरोपों का पुरजोर विरोध कर रही है. आप नेता राघव चड्डा ने कहा कि अगर कुमार विश्वास के आरोपों में इतनी सच्चाई है तो अभी तक चुप क्यों थे, ठीक पंजाब चुनाव के वक्त उनकी नींद क्यों टूटी है. जिस पर कुमार विश्वास ने कहा कि अगर उनकी औकात है तो वे सामने आये मैं प्रमाण लेकर आता हूं, उनके मैसेज उनके संवाद, इस देश के लोगों को पता चलना चाहिए कि सच्चाई क्या है.
भाजपा और कांग्रेस दोनों ही कुमार विश्वास के आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी पर आक्रामक हो गयी है. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबोहर में चुनावी रैली में कहा कि सत्ता के लिए कुछ लोग देश को भी तोड़ सकते हैं, वहीं प्रियंका गांधी ने भी अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा और कहा कि इनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे और पंजाब को पंजाबी ही चलायेंगे.
बता दे कि कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल को खालिस्तान समर्थक बताया था और कहा था कि वे सत्ता के लिए अलगाववादियों का भी साथ ले सकते हैं. कुमार विश्वास ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल ने उनसे कहा था कि अगर वे पंजाब के सीएम नहीं बन पाये, तो वे आजाद सूबे के पीएम होंगे.

