सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए नए महंगाई भत्ते DA की घोषणा की है. DA में 14 फीसदी का बंपर उछाल किया गया है. ये घोषणा केवल केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम (CPSEs) के कर्मचारियों के लिए किया गया है. उनके डीए को जनवरी के अंत में संशोधित किया गया है.
अंडर सेक्रेटरी सैमुअल हक के मुताबिक, CPSEs के बोर्ड स्तर और बोर्ड स्तर से नीचे के अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को मिलने वाले DA की दरों को संशोधित किया गया है. 2007 वेतनमान के तहत CPSEs के अधिकारियों और गैर-संघीय पर्यवेक्षकों को DA की दर अब 184.1% की गई है. अभी तक उन्हें 170.5% DA मिल रहा था. जुलाई 2021 में सरकार ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान किया. इसके बाद 7वें वेतन आयोग के तहत केंद्रीय कर्मचारियों के DA में सीधे 11 फीसदी का उछाल आया था. वहीं, CPSEs में 2007 वेतनमान वालों का DA भी बढ़ाया गया था.
माना जा रहा है कि केंद्रीय कर्मचारियों के लिए भी DA का ऐलान जल्द होगा. AICPI इंडेक्स जनवरी 2022 के आंकड़े जारी कर दिए गए हैं. इनमें 0.2 अंक की गिरावट दर्ज की गई है. फिर भी एक्सपर्ट का कहना है कि अब भी महंगाई भत्ते में 3 फीसदी का इजाफा होना तय है.

