कोरोना के प्रभाव देश में कम होते जा रहे है. केंद्र सरकार लगातार आंकड़ो पर नजर रखी हुई है. कोरोना के मामले कम होते जाये इसके लिए प्रयास लगातार जारी है. केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड नियमों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं. भूषण ने अपने पत्र में अतिरिक्त कोविड-19 प्रतिबंधों की समीक्षा करने और संशोधन करने या उन्हें खत्म करने के लिए कहा है क्योंकि देश में महामारी लगातार कम होती नजर आ रही है.
भूषण ने अपने पत्र में कहा कि, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को भी दैनिक आधार पर मामलों के कम होने के स्तर और संक्रमण के प्रसार की निगरानी जारी रखनी चाहिए. उन्होंने टेस्ट- ट्रैक-ट्रीट-टीकाकरण और कोविड के उचित व्यवहार का पालन करने की बात कही है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.87 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.94 प्रतिशत हो गयी है. पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मामलों की संख्या में 52,887 मामलों की कमी दर्ज की गयी है.

