नई दिल्ली : कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स द्वारा 26 फरवरी को आयोजित भारत व्यापार बंद की सफलता के बाद अब कैट जीएसटी एवं ई कॉमर्स के मुद्दों पर आगामी आज 5 मार्च से 5 अप्रैल तक देश के सभी राज्यों को अपने आंदोलन को जारी रखने का ऐलान किया है. इसके तहत आज से कैट देशभर में व्यापारी संवाद अभियान चलाएगी. आज राजधानी दिल्ली के व्यापारियों के बीच यह संवाद होगा. कैट का मानना है कि दिल्ली के व्यापारियों की दिन-प्रतिदिन बढ़ती समस्याओं के कारण उनका व्यापार करना बेहद मुश्किल हो गया है और व्यापार करने की जगह व्यापारियों का अधिकांश समय विभिन्न सरकारी विभागों के नोटिस एवं सरकारी तुगलकी आदेशों का पालन करने में बीत रहा है.
इस ज्वलंत मुद्दे के हल कराने को लेकर CAIT ने आज 5 मार्च से 5 अप्रैल तक दिल्ली भर में व्यापारी संवाद अभियान चलाने की घोषणा की है जिसके अंतर्गत कैट के शीर्ष नेताओं की टीम दिल्ली के सभी बाज़ारों के व्यापारिक संगठनों से घर-घर संपर्क कर प्रत्येक व्यापारी समस्या पर चर्चा करेगी और समस्याओं के हल के लिए जनमत जाग्रत करेगी. इस अभियान की अगुवाई कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल करेंगे.

