बोकारो.बेरमो अनुमंडल के गोमिया थाना में रखा दो कोयला लदा ट्रक जल गया. जिसकी वजह से उस पर रखा कोयला जलकर राख हो गया. यह घटना सोमवार अहले सुबह 4 बजे की है. जिसके बाद घटना की सूचना आईइएल और तेनुघाट के फायर ब्रिगेड को दी गयी. मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग को बुझाने में लग गयी. आग की लपटें इतनी तेज थी कि इसे बुझाने में करीब चार घंटे लग गये.
आग कैसे लगी इसकी जानकारी अबतक नहीं मिल पायी.इस संबंध में गोमिया थाना प्रभारी आशीष खाखा ने बताया कि दोनों ट्रक को 2014 में जब्त किया था. आशीष खाखा ने कहा कि आग कैसे लगी है, इसकी पुख्ता जानकारी अब तक नहीं मिल पायी है. हालांकि अनुमान जताया जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी से आग लगी है. क्योंकि रविवार की रात को थाना के बगल में एक शादी समारोह थी. जिसमें लोग पटाखे छोड़ रहे थे. शायद उसकी चिंगारी से भी आग लगी हो.

