गुरुग्राम सदर थाने से महज 100 मीटर दूरी बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर गुरुग्राम-सोहना रोड पर सोमवार को दिनदहाड़े एक करोड़ रुपये लूट लिए. एक निजी एजेंसी की कलेक्शन वैन से एक करोड़ रूपये लूटे गये. घटना से पुलिस महकमे में हडकंप है. डीसीपी ईस्ट वीरेंद्र विज, डीसीपी क्राइम रणवीर देसवाल, एसीपी डीएलएफ संजीव बलारा, एसीपी क्राइम प्रीतपाल सहित पुलिस की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है. कंपनी के तीनों कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ हो रही है. बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
जानकारी के अनुसार, एसएनआईवी कंपनी के तीन कर्मचारी कैश वैन लेकर सुबह कलेक्शन के लिए निकले थे. इन्हें अलग-अलग जगहों से कैश एकत्रित करने के बाद दोपहर को सेक्टर-53 स्थित एचडीएफसी बैंक में जमा कराना था. सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट से और एक होटल से कैश लेने के बाद वह गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित इंफोसिटी पहुंचे थे. वहां से रुपये लेने के बाद वह सुभाष चौक स्थित मारुति कंपनी की एजेंसी पर पहुंचे. कलेक्शन वैन को सोहना रोड पर खड़ी कर वहां से एक कर्मचारी एजेंसी में कैश लेने चाला गया, जबकि दो कर्मचारी वैन में ही बैठे रहे. उसी दौरान तीन से चार बदमाश आए और उन्होंने आते ही वैन के चालक रणजीत और कलेक्शन वैन में पीछे बैठे विपिन की आंखों में मिर्च डालकर बंदूक की नोंक पर एक करोड़ रुपये लूट लिए. जब तक कलेक्शन वैन में बैठे कर्मचारी कुछ समझ पाते तब तक बदमाश मौके से फरार हो गए.

