धनबाद में पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो रेलवे स्टेशन के पास रविवार की देर रात अपराधियों ने चाकू की नोक पर रेल चालक शशिकांत कुमार को लूट लिया. इस घटना के बाद हरिहरपुर थाना की पुलिस और गोमो RPF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अपराधियों को कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया है. लूट की घटना को अंजाम देने वाले 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया हैं. अपराधियों के पास से लूट के रुपये बरामद किए गए हैं . घटना के बाद रेल चालकों में दहशत है.
बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात हरिहरपुर थाना क्षेत्र के शुक्ला मोड़ पर 3 अपराधियों ने मिलकर रेल चालक शशिकांत कुमार को घेर लिया. जान से मारने की धमकी देकर पैसे लूट लिए. अपराधियों ने चाकू का डर दिखाकर घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद रेल चालक जान बचाकर किसी तरह अपराधियों के चंगुल से भाग निकला . इसके बाद नजदीकी RPF पोस्ट में पहुंच कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद चालक हरिहरपुर थाने पहुंचा. RPF तथा हरिहरपुर पुलिस से इन मामले में त्वरित कार्रवाई की.
इस दौरान घटना में शामिल मनीष कुमार, शमशाद तथा अविनाश कुमार को घटनास्थल के आसपास से गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए आरोपियों के पास से 1380 रुपये बरामद किए गए. इसके अलावा अपराधियों से मोबाइल, चाकू, गांजा जब्त किया गया है. पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ की जा रही है. RPF इंस्पेक्टर शिंपी कुमारी ने बताया कि इन अपराधियों से कई अहम जानकारियां मिल सकती है.

