गोरखपुर सदर सीट पर सीएम योगी के मुकाबले कुल 12 उम्मीदवार हैं. सपा ने यहां से भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र शुक्ल (अब स्वर्गीय) की पत्नी शुभावती शुक्ला को उतारा है. जबकि बसपा से ख्वाजा शमसुद्दीन और कांग्रेस से चेतना पांडेय मैदान में हैं. आजाद समाज पार्टी(कांशीराम) से चंद्रशेखर रावण ताल ठोंक रहे हैं.
बुधवार को नाम वापसी में गोरखपुर के छह विधानसभा क्षेत्रों से सात प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए. सदर, कैम्पियरगंज और बांसगांव से कोई भी नाम वापसी नहीं हुई, जबकि सहजनवा से सर्वाधिक दो नाम वापस हुए. नामांकन के दौरान प्रमुख दलों के कुछ प्रत्याशियों ने अपने पुत्र तो कुछ ने पत्नियों का नामांकन पत्र भरवाया था. सभी के नामांकन जांच में वैध भी पाए गए थे. एक ही घर के लोग आमने-सामने न आएं, इसके लिए अधिकतर ने पर्चा वापस ले लिया लेकिन गोरखपुर ग्रामीण से बसपा प्रत्याशी व उनकी पत्नी चुनाव मैदान में मौजूद हैं.

