बात नहीं मानने पर सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता ने गढ़वा के रंका थाना परिसर में ही डीटीओ से उलझ गये. मौके पर मौजूद डीटीओ की टीम के लोगों को झामुमो नेता समर्थकों ने पीट दिया. इसके बाद थाना परिसर में हो हंगामा शुरू हो गया. लोगों को उग्र होते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ा. जानकारी के अनुसार जिला परिवहन पदाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को थाना मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान दो दर्जन बाइक, टेंपो, 407 ट्रक, ट्रैक्टर पकड़े गये थे. इसके बाद जुर्माना कटवाने एवं बाइक को छुड़ाने के लिए दर्जनों ग्रामीण थाना पहुंचे थे. युवा झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष दीपक सोनी, कार्यकर्ता मुकेश तिवारी एवं अरविंद सोनी भी इसी मामले में पहुंचे थे. डीटीओ से वाहन छोड़ने की बात पर उलझ गये. बात बढ़ गयी और झामुमो नेताओं ने डीटीओ और उनकी पूरी टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी.डीटीओ मनीष कुमार के साथ फाइन काट रहे डीटीओ कार्यालय के कर्मचारी मुकेश कुमार, संजय बैठा, विनय तिवारी, नीरज पांडेय एवं जवान परशु राम की बुरी तरह से पिटाई कर दी.
डीटीओ मनीष कुमार ने कहा कि वे कर्मियों के साथ पकड़े गये बाइक चालकों से ऑन स्पोर्ट जुर्माना काट रहे थे. तभी युवा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दीपक सोनी, मुकेश तिवारी एवं अरविंद सोनी थाना पहुंचे और जुर्माना काटने पर उलझ गये और मारपीट शुरू कर दी. उपायुक्त से बात कर झामुमो नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवायेंगे.
युवा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दीपक सोनी ने अपनी सफाई में कहा है कि पकड़े गये बाइक चालकों से डीटीओ मनमानी पैसा वसूल रहे थे. मैंने इसका विरोध किया किसी के साथ मारपीट नहीं की है.

