मेरे नेता शिबू सोरेन हैं और हमेशा रहेंगे। हेमंत सोरेन मेरे नेता नहीं हो सकते, वे सदन के नेता हैं। उक्त बातें बोरियो से झामुमो के विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने गुरुवार को कही. विधायक लोबिन शराब के मुद्दे पर राज्य सरकार की नीतियों का विरोध कर रहे थे. गोड्डा में एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड में शराबबंदी के समर्थक हैं। ऐसी स्थिति में हेमंत सोरेन की घर-घर शराब बेचने की नीति शर्मनाक हैं। मैं इसका विरोध करता रहूंगा। यह शिबू सोरेन का अपमान है। शिबू सोरेने न सिर्फ झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हैं बल्कि वे आदिवासी समाज के मान-सम्मान के प्रतीक हैं। बता दे कि घर-घर शराब की बिक्री के लिए झारखण्ड में छत्तीसगढ़ राज्य मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड को परामर्शी नियुक्त किया गया है।
विधायक ने राज्य सरकार की शराब नीति पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को घेरते हुए कहा कि शराब नीति लागू होने से शिबू सोरेन के आदर्श, सिद्धांतों से न सिर्फ समझौता होगा बल्कि उनका अपमान होगा जो आदिवासी समाज कभी बर्दास्त नहीं कर सकता. शराब बेचकर राजस्व बढ़ाने के बात करना उचित नहीं है। राजस्व बढ़ाने के लिए यहां कोयला, लोहा, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बालू समेत कई मिनरल हैं। विधायक ने राज्य सरकार से शराब का सरकारीकरण नहीं करने और शिबू सोरेन के सिद्धांतों के अनुरूप राज्य में शराब नीति बनाने का आग्रह किया है।

