जमशेदपुर: चोरी और सीनाजोरी. मामला जमशेदपुर के जुगसलाई गद्दी मोहल्ला का है. जहाँ अवैध रूप से बिजली जला रहे लोगों के खिलाफ कार्यवाई करने बिजली अधिकारी और कर्मी पहुंचे थे. बिजली कर्मी गये थे कार्यवाई करने पर खुद ही घिर गये. बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई. उनसे बिजली का मीटर भी छीन लिया. किसी तरह से एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी घटनास्थल से जान बचाकर निकले और जाकर पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह सभी कर्मचारियों को वहां से बाहर निकाला.
बिजली विभाग के एसडीओ इमरान मुर्तजा ने बताया कि रांची मुख्यालय के आदेश के अवैध बिजली जलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान महिला कर्मचारी फरीदा, हेड इलेक्ट्रीशियन सुलतान, ताना भगत के अलावा अन्य कर्मचारियों ने देखा कि कंज्यूमर नंबर जी-4178 के घर से बिजली के पोल में हुकिंग कर बिजली की चोरी की जा रही है. इस बाबत उपभोक्ता सलाम गद्दी से बात करनी चाही तो सलाम के घरवालों ने कर्मचारियों को घेर लिया. उनके साथ मारपीट की जाने लगी. उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई. कुछ देर में दर्जनों लोग वहां पहुंच गये और बंधक बना लिया. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला.
एसडीओ ने कहा कि वे एसएसपी से मिलकर इस मामले की शिकायत करेंगे. इलाके में हुकिंग कर बिजली की चोरी की जाती है.


