दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए बताया है कि हनुमान जयंती पर जहांगीरपुरी में निकाली गई शोभायात्रा के लिए पुलिस से इजाजत नहीं ली गई थी. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल दिल्ली प्रांत, मुखर्जी नगर जिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए विश्व हिन्दू परिषद के जिला सेवक प्रमुख प्रेम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच कर रही है. हिंसा के मामले में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
बता दें कि जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती के दिन निकाली गई शोभायात्रा पर पथराव के बाद दो समुदायों में हिंसा भड़क गई थी. इस दौरान पत्थरों के साथ खाली बोतलों का भी जमकर इस्तेमाल किया गया था. इस हिंसा में जमकर तोड़फोड़ करने के साथ ही कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था. हिंसा में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली लगने के साथ ही कुल 9 लोग घायल हो गए थे, जिनमें से 8 पुलिसकर्मी हैं. इस घटना की जांच के लिए अब स्थानीय पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया गया है.

