मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक बार फिर राष्ट्र को संबोधित करते हुए रूस पर नए प्रतिबंध का ऐलान किया. इस बार उन्होंने रूसी गैस, तेल और ऊर्जा के सभी आयातों पर प्रतिंबध लगाने की घोषणा की. उन्होने दावा किया कि यह कदम रूसी अर्थव्यवसथा को गहरी चोट पहुंचाएगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हम रूसी गैस, तेल और ऊर्जा के सभी आयातों पर प्रतिबंध लगा रहे हैं.” बाइडेन ने कहा, “हम इतिहास में आर्थिक प्रतिबंधों के सबसे महत्वपूर्ण पैकेज को लागू कर रहे हैं, और यह रूस की अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण नुकसान पहुंचाएगा.” जो बाइडेन ने कहा, “हम इस प्रतिबंध के साथ आगे बढ़ रहे हैं, यह समझते हुए कि हमारे कई यूरोपीय सहयोगी और भागीदार हमारे साथ शामिल होने की स्थिति में नहीं हो सकते हैं.”

