गिरफ्तार दोनों उग्रवादी कुशमाही रेलवे साइडिंग मे गार्ड का कार्य कर रहे थे
लातेहार पुलिस ने झामुमो नेता दिलशेर खान की हत्या में शामिल टीपीसी के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. पुलिस टीम को एक अमेरिकन पिस्तौल समेत ज़िंदा कारतूस और खोखा भी मिला है.
लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने बुधवार को अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी.
एसपी ने बताया कि टीपीसी के सनोज उरांव और आशेश्वर गंझू इस हत्याकांड में शामिल थे. इस हत्याकांड को पांच से छह उग्रवादियों ने अंजाम दिया था. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
उन्होंने बताया की झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष दिलशेर खान की हत्या टीएसपीसी उग्रवादियों के द्वारा की गई थी. एसआइटी टीम के द्वारा जांच में पता चला है कि उक्त हत्या लेवी को लेकर की गई है. पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है.
बता दें कि लातेहार के विधायक वैद्यनाथ राम के बालूमाथ प्रखंड प्रतिनिधि और झामुमो नेता दिलशेर खान की अज्ञात अपराधियों द्वारा 24 अप्रैल को बालूमाथ थाना क्षेत्र के कुसुमाही साइडिंग में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
पुलिस ने बताया कि सनोज (28) मूल रूप से बिहार के कैमूर भभुआ का रहने वाला है. वह वर्तमान में बालूमाथ में रहता था जबकि आशेश्वर (26) बालूमाथ के हेमपुर का रहने वाला है.
विदित हो कि हत्या में शामिल अपराधियों के नहीं पकड़े जाने पर भाजपा ने आक्रामक रुख अख्तियार किया था और 13 मई को बालूमाथ थाना के सामने प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी.
छापामारी दल में बालूमाथ एसडीपीओ अजीत कुमार, इंस्पेक्टर शशि रंजन कुमार, थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, हेरहंज थाना प्रभारी मुकेश चौधरी, बालूमाथ पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार महतो, बालूमाथ पुलिस अवर निरीक्षक नीतीश कुमार, बालूमाथ पुलिस अवर निरीक्षक कुबेर साव, हेरहंज थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, बालूमाथ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार, बालूमाथ थाना के अवर निरीक्षक कुंदन कुमार, बालूमाथ थाना रिजर्व गार्ड, सैट 208 सशस्त्र बल व मकईयाटाड पिकेट के जवान शामिल थे.

