बुढापे का सहारा: एल्डर लाइन 14567 के जरिए बुजुर्गों को मिल रही सहायता
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित एल्डर लाइन टोल फ्री नंबर 14567 की सुविधा अब राज्य के बुजुर्गो के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। इसके जरिए वरिष्ठ नागरिक अब अपनी पेंशन से संबंधित जानकारी और कानूनी मामलों पर जानकारी ले रहें हैं। इसके साथ ही वह घर में होने वाले दुर्व्यवहार के मामलों में भी परामर्श ले रहें हैं। समान्यतः इस आयु वर्ग के लोगों में कई तरह की परेशानियां देखी गई है। जिसमें मुख्य रूप से शारीरिक परेशानी से लेकर मानसिक, भावनात्मक और कानूनी परेशानियां शामिल है। आज के समय में यह लाखों बेसहारा बुजुर्गों के जीवन से जुड़ी हर छोटी-मोटी परेशानियों को दूर कर अपनी उपयोगिता को सार्थक साबित कर रहा है।
यह कहानी है एक ऐसे ही हताशा एवं निराशा में घिरे एक बुजुर्ग व्यक्ति की, जिन्हें इस हेल्पलाइन की मदद से सुकून एवं शांति की दुनिया नसीब हुई। दिनांक 10 मई 2022 को रांची जिले के बूटी मोड़ से “एल्डर लाइन-14567 ” के माध्यम से हमारे हेल्पलाइन के प्रतिनिधि को सूचना मिलती है कि “किया मोटर” के सामने एक व्यक्ति हताश और निराश बैठे हुए हैं, जो असहाय से प्रतीत हो रहें हैं। सूचना मिलते हीं “एल्डरलाइन” के फ़ील्ड रिस्पांस ऑफिसर तत्काल अपने टीम लीडर के साथ बुजुर्ग व्यक्ति से मिलकर पूरी सहानुभूति के साथ उनके मनोःस्थिति एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लिया। तत्पश्चात, “एल्डरलाइन” के सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचित कर मामले से अवगत करवाया गया। काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से उन्हें उनके घर तक वापस पहुंचा दिया गया। पुलिस अपनी जरूरी कारवाई कर और उनके परिवार वालों को घटना की पुनरावृति न होने की सख्त हिदायत देकर बुजुर्ग को परिवार वालों को सौंप दिया। एल्डर लाइन की तत्परता एवं पहल ने आज बुजुर्ग को उनकी सम्मानित दुनिया वापस कर दी।

