पंचायती राज विभाग तथा राज्य निर्वाचन आयोग मई-जून महीने के पंचायत चुनाव करवाने की तैयारी में है. पंचायत चुनाव ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से होगा. इसे लेकर 50 हजार बैलेट बाक्स उत्तर प्रदेश से मंगाए गए हैं. यहां लगभग 52 हजार बैलेट बाक्स पहले से उपलब्ध हैं. आयाेग द्वारा पंचायत चुनाव में कोरोना से बचाव को लेकर एसओपी भी पूर्व में जारी कर दिया गया है. आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए कुल 53,480 मतदान केंद्र चिह्नित किए हैं.
पंचायत चुनाव विभिन्न जिलों में एक से चार चरणों में होने की बात है. मई महीने में ही सभी चरण के चुनाव सम्पन्न हो जायेंगे जबकि चुनाव परिणाम जून माह में आयेगा. जिला में मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता तथा उपलब्ध सुरक्षा बलों के आधार पर चुनाव के चरण तय किये जायेंगे.
पंचायती राज विभाग ने बिना ओबीसी आरक्षण को लेकर पंचायत चुनाव कराने से संबंधित अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी. इसके तहत सभी जिला के गजट में अधिसूचित अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को यथा स्वरूप रखा जाएगा. महिला या अन्य जिसके लिए जो अधिसूचित पद हो उसे खुली श्रेणी की सीट मानते हुए ही चुनाव कराया जाएगा. सभी जिला दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पंचायती राज विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के आलोक में विभिन्न श्रेणियों की आरक्षित/अनारक्षित निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित जिला गजट में आवश्यक संशोधन कर लिया जाए. राज्यपाल की स्वीकृति मिलते ही पंचायत चुनाव की घोषणा हो जाएगी.

