टाटा स्टील के संस्थापक जमशेदजी नौसेरवांजी टाटा की 183वीं जयंती धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. इसको लेकर लौहनगरी जमशेदपुर को अद्भुत रोशनी से सजाया गया है. जयंती के पूर्व संध्या पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने संस्थापक जे एन टाटा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. चेयरमैन ने बटन दबा कर जुबिली पार्क में लाइटिंग का उद्घाटन किया. बटन दबाते ही लौह नगरी स्थित जुबली पार्क अद्भुत रूप से जगमगाने लगा. इस मौके पर चेयरमैन ने झारखण्ड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की उपस्थिति में बुधवार शाम कदमा सोनारी लिंक रोड व वहां बनाये गये ओपन जीम को शहरवासियों को समर्पित किया. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ओपन जीम की तारीफ़ की. कहा कि अन्य क्षेत्र को भी इसी तरह से विकसित करना चाहिए.
बता दें कि टाटा स्टील हर साल टाटा समूह की अन्य कंपनियों के साथ संस्थापक की जयंती और मूलत: सामुदायिक कल्याण के साथ औद्योगिक भविष्य के प्रति उनके विजन का जश्न मनाती है. लाइफ@टाटा स्टील थीम के साथ मनायी जा रही संस्थापक की जयंती का उद्देश्य यह दर्शाना है कि कैसे कंपनी एक ऐसे संगठन का निर्माण कर रही है जहां लोग अपने और दुनिया के बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए सामंजस्यपूर्ण ढंग से कार्यरत हैं.
जयंती के अवसर पर शहर के 39 गोल-चक्करों (यातायात परिपथ) में एलईडी लाइटों से रोशनी की गयी है. साथ ही टाटा स्टील यूआइएसएल ऑफिस, टाटा वर्कर्स यूनियन, फायर टेम्पल, रेलवे स्टेशन, टाटा मेन हॉस्पिटल, सेंटर फॉर एक्सलन्स, बेल्डीह चर्च, बैपटिस्ट चर्च, स्कूल ऑफ होप, टाटा पिगमेंट गेट, गोलमुरी क्लॉक टॉवर सहित शहर के 13 हेरिटेज भवनों को रोशन किया गया है. जुबिली पार्क में चार सोलर ट्री भी लगाये गये है.
मौके टाटा स्टील के सीइओ एंड एमडी टीवी नरेंद्रन, वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, वीपी एचआरएम, वीपी (कलिंगानगर) राजीव कुमार, वीपी पीयूष गुप्ता, अवनीश गुप्ता, आशीष अनुपम, प्रबाल घोष, टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी तरुण डागा, सीनियर जीएम धनंजय मिश्रा, रुचि नरेंद्रन, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, रघुनाथ पांडेय, मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह आदि ने संस्थापक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित नमन किया.


