रांची : पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों की पिटाई मामले को लेकर अब देश भर के डॉक्टरों में रोष का माहौल है. ऐसे में देश भर के डॉक्टर सुरक्षा की मांग सरकार से कर रहे हैं. रांची के अल्बर्ट एक्का चौक में नमो जन स्वास्थ्य सेवा अभियान रांची झारखंड के बैनर तले दर्जनों चिकित्सकों ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए गुंडों की सरकार होने का आरोप लगाया है.
संगठन के संयोजक डॉ आरके जायसवाल ने कहा कि ममता बनर्जी जिस तरह तानाशाही के बल पर तृणमूल कांग्रेस के गुंडों के सहारे आम लोगों को डरा धमका कर जानलेवा हमला कर रही है और अपनी मर्जी डॉक्टरों पर जबरदस्ती थोप रही है. यह लोकतंत्र का गला घोंटने के बराबर है. आम जनता जिन डॉक्टरों को भगवान मानते हैं, इस सरकार में इन्हें भी नहीं छोड़ा जा रहा. पश्चिम बंगाल में जल्द ही राष्ट्रपति शासन लागू होना चाहिए.

