ऑफिशियल एयरलाइंस गाइड (ओएजी) नाम संस्था द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कोविड महामारी के चलते उत्पन्न तमाम बाधाओं को पार करते हुए दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट दुनिया के दूसरे सबसे व्यस्त एयरपोर्ट के रूप में उभरा है. ओएजी ने यह आकलन एयरपोर्ट की कुल सीट क्षमता और घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की प्रीक्वेंसी के आधार पर किया है.
ऑफिशियल एयरलाइंस गाइड (ओएजी) द्वारा इस महीने की शुरुआत में जारी सूची के अनुसार, 36 लाख 11 हजार 181 सीटों के साथ दिल्ली एयरपोर्ट ने दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया है. दुबई एयरपोर्ट द्वारा बीते माह कुल 35 लाख 54 हजार 527 सीटें उपलब्ध कराई गई थीं. उल्लेखनीय है कि पिछले महीने की सूची में दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट दूसरे स्थान पर रहा था. वहीं, अटलांटा हर्ट्सफील्ड-जैक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (ATL) ने अपना शीर्ष स्थान (4,422,436 सीटों के साथ) बरकरार रखा है. इस उपलब्धि के साथ दिल्ली एयरपोर्ट देश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट के रूप में सामने आया है.

