दिल्ली सरकार शैक्षणिक गतिविधियों को दुरुस्त करने को प्रतिबद्ध दिख रही है. सरकारी विद्यालयों के प्रति भ्रांतियों को दूर करने वाली दिल्ली सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए एक और योजना ‘स्कूल हेल्थ क्लिनिक’ लेकर आई है. दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने मोती बाग के सर्वोदय कन्या विद्यालय में स्कूल हेल्थ क्लीनिक का उद्घाटन किया. मौके पर सिसोदिया ने बताया कि विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच प्रदान करने के अलावा, यह क्लीनिक बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए परामर्श सेवाएं भी प्रदान करेगा. प्रत्येक छह महीने में विद्यार्थियों का हेल्थ चेकअप किया जाएगा.
सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली सरकार के एक स्कूल में सत्येंद्र जैन जी के साथ ‘स्कूल हेल्थ क्लिनिक’ का उद्घाटन किया. अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरी दिल्ली के विभिन्न सरकारी स्कूलों में 20 ऐसे हेल्थ क्लीनिक स्थापित किए हैं, जहां छात्रों को मुफ्त में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी.”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट किया. कहा कि ‘दिल्ली के सरकारी स्कूलों में बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अब उनकी अच्छी सेहत का भी ख्याल रखा जाएगा. ये शानदार ‘स्कूल हेल्थ क्लीनिक’ भी अब हमारे सरकारी स्कूलों का हिस्सा होंगे.

