कोविड-19 महामारी ने देश की राजधानी के व्यवसाय को बुरी तरह प्रभावित किया है. अब जब कोविड-19 से सम्बन्धित प्रतिबंधो को हटा लिया गया है तब व्यापारियों में आस की किरण जगी है. प्रतिबन्ध हटने के बाद मार्च के महीने में व्यापार से अच्छी उम्मीद है. बता दे कि कोविड की सभी पाबंदियां हटने के बाद दिल्ली में रेस्टोरेंट, बार, सिनेमाघर सहित अन्य प्रतिष्ठान खुल चुके है.
भारतीय राष्ट्रीय रेस्तरां संघ के अध्यक्ष कबीर सूरी ने कहा कि दो साल से 50 फीसदी क्षमता के साथ काम हो रहा है. समय सामान्य होने से काम धंधा सुधरेगा. सरकार के सकारात्मक कदम के लिए आभारी हैं.
बता दें कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की शनिवार को हुई बैठक में सोमवार से सभी कोविड प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया गया था. इस घोषणा का मतलब है कि रात का कर्फ्यू हटा लिया गया है, बाजार रात 10 बजे तक खुले रह सकते हैं. इसके साथ रेस्टोरेंट, बार, कैफे और सिनेमाघर 100 फीसदी क्षमता पर परिचालन कर सकते हैं.

