झारखंड के देवघर से बिहार के सुल्तानगंज तक रेलसेवा बुधवार से शुरू कर दी गयी. मंगलवार को देवघर रेलवे स्टेशन पर देवघर-सुल्तानगंज डीएमयू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इस अवसर पर देवघर रेलवे स्टेशन पर देवघर विधायक नारायण दास, मंडल रेल प्रबंधक, आसनसोल, पूर्व रेलवे परमानंद शर्मा भी उपस्थित थे. सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर-सुल्तानगंज डीएमयू यात्री ट्रेन सेवा से देवघर के निवासियों का सामान्य रूप से झारखंड के निकटवर्ती स्थान पर आवागमन तेज होगा. बता दें कि देश के 12 ज्योतिर्लिंग में से एक बाबा बैधनाथ मंदिर देवघर में है. हर साल सावन में श्रद्धालु बिहार के सुल्तानगंज से जल लाकर देवघर में बाबा बैधनाथ को अर्पित करते है. यह ट्रेन देवघर और सुल्तानगंज के बीच सीधा संपर्क प्रदान करेगा.
डीएमयू सेवा का मुख्य उद्देश्य निर्बाध कनेक्टिविटी, यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी व झारखंड राज्य में बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करना है. ट्रेन की नियमित सेवा 13 अप्रैल से शुरू हो जाएगी. यह ट्रेन रविवार छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी. 03634 सुल्तानगंज-देवघर डीएमयू पैसेंजर स्पेशल 6:20 बजे सुल्तानगंज से रवाना होगी और 12:10 बजे देवघर पहुंचेगी. 03633 देवघर-सुल्तानगंज डीएमयू पैसेंजर स्पेशल 15:15 बजे देवघर से खुलेगी और 20:10 बजे सुल्तानगंज पहुंचेगी.

