महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमले की रणनीति बनाई है. पांच राज्यों में हर का सामना करने वाली कांग्रेस ने इसी बहाने भाजपा को घेरकर जनता का विश्वास वापस पाने की जुगत में है. कांग्रेस पार्टी ने 31 मार्च से 7 अप्रैल के बीच देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ महंगाई मुक्त भारत अभियान चलाने का निर्णय लिया है. इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. कहा कि मोदी सरकार लोगों को कंगाल कर अपना खजाना भरने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई और तेल की कीमतों के खिलाफ राहुल और प्रियंका गांधी देशव्यापी प्रदर्शन में शामिल होंगे।
राहुल गांधी ने भी लगातार बढ़ रही तेल की कीमतों को लेकर सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा- राजा महल में जाने की तैयारी कर रहा है जबकि जनता महंगाई के बोझ तले दबी जा रही है। गौरतलब है कि पिछले पांच दिनों में से चार दिन तेल की कीमतों में इजाफा हुआ है। शनिवार को भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 80 पैसे की बढ़ोतरी की गई.
वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बाद केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने भी तेल की बढ़ती कीमतों के लिए रूस-यूक्रेन युद्ध को जिम्मेदार ठहराया है.

