कश्मीरी पंडितों के कश्मीर से पलायन और दुर्दशा पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को बिहार में टैक्स फ्री करने की मांग भाजपा विधायक संजय सरावगी ने सोमवार को की. उन्होंने कहा कि इस फिल्म में कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा को दिखाया गया है, जिन्हें कश्मीर में उग्रवाद के कारण सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है. विधायक सरावगी विधानसभा के बाहर मीडिया से बात कर रहे थे. ‘द कश्मीर फाइल्स’ को कर्नाटक, हरियाणा, गुजरात और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राज्यों में टैक्स फ्री किया जा चुका है. बता दें की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री फिल्म को लेकर प्रधानमंत्री से भी मिल चुके है. फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ 11 मार्च को रिलीज हुई थी. जिसके बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर रही है. फिल्म की पटकथा दर्शकों को सच्चाई के काफी करीब लग रही है. इसको लेकर दर्शकों के विचार सोशल मीडिया पर भी आ रहे है. विशेष कर कहानी दर्शकों के दिल को छू रही है. ज्यादातर दर्शक फिल्म देखने के बाद बेहद भावुक हो रहे हैं.

