एक शौहर ने अपनी गर्भवती बीबी को इतना पीटा की गर्भ में पल रहा बच्चा गर्भ से बाहर निकल आया. नवजात बच्चे की मौत हो गई और महिला की हालत भी चिंताजनक है. मारपीट कर शौहर फरार हो गया. यह दर्दनाक घटना धनबाद के झरिया की है. महिला की शिकायत पर झरिया थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
जानकारी के अनुसार घटना के दिन गर्भवती महिला राबिया खातून (25 साल) झरिया के हमीद नगर मायके में थी. जहाँ उसका पति टेंपो चालक मोहम्मद राजा अंसारी पहुंचा था. 21 फरवरी की रात पति ने विवाद के बाद महिला की जमकर पिटाई कर दी. गर्भवती राबिया के पेट पर लात मारी, जिससे उसके पेट में पल रहा बच्चा बाहर निकल गया. मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई.
पीड़िता ने बताया कि 5 साल पूर्व उसका निकाह भूली एक नंबर निवासी केकू अंसारी के पुत्र मोहम्मद राजा अंसारी से हुआ था. निकाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे. पति टेंपो खरीदने के लिए पैसे मांग रहा था, नहीं देने पर कई बार मारपीट की. इस कारण कुछ महीनों से हमीद नगर मायके में रह रही थी. सोमवार को भी आकर मारपीट की, जिससे पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई. हमीद नगर के लोगों ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए राजा अंसारी को कड़ी सजा देने की मांग झरिया थाना की पुलिस से की है

