धनबाद: शनिवार की दोपहर सरायढेला थाना के समीप बिजली तार की चपेट में आने से बिचाली से लदी ओवरलोड पिकअप वैन में बीच सड़क पर धू धू कर जलने लगी. घटना की सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. हादसे के बाद पिकअप वैन को सड़क किनारे खड़ी कर चालक फरार हो गया. सरायढेला पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोती नगर में ही एक बिजली पोल के सामने से गुजरते समय तार की चपेट में ओवरलोड बिचाली आ गई. तार के संपर्क में आने से उसमें आग लग गई. चालक को इसकी भनक भी नहीं लगी. पिकअप वैन पर लदे बिचाली से आग की लपटें निकल रही थीं और चालक तंग गलियों से वाहन सड़क पर दौड़ाए जा रहा था. लोगों ने आवाज भी दी, लेकिन चालक ने अनसुना कर दिया. बाद में कुछ बाइक चालकों ने ओवरटेक करके आग लगने की जानकारी चालक को दी. चालक ने समझदारी दिखाई और वाहन को रोकने की बजाय गाड़ी की स्पीड और बढ़ा दी और सरायढेला मुख्य मार्ग पर ले आया. थाना मोड़ के सामने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर दी और किसी तरह वहां से बाहर निकल कर भागा.

