धनबाद शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन लगातार जोर लगाये हुए है. प्रशासन ने इस दिशा में कार्यवाई करते हुए शहर में चलने वाले ऑटो का रूट निर्धारित किया था. इसके लिए ऑटो पर बार कोड लगाया गया है. अब बिना बार कोड वाले ऑटो शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे. ट्रैफिक सार्जेंट रजनीश कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार धनबाद शहर में वैसे सारे ऑटो के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, जिसमें प्रशासन द्वारा मुहैया कराया गया बारकोड या स्टीकर नहीं लगा हो. इसके लिए शहर के सभी इंट्री प्वाइंट पर विशेष ट्रैफिक बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है. शहर के तमाम एंट्री प्वाइंट पर चेकिंग अभियान लगा चलाया जा रहा है, ताकि बिना परमिट वाले ऑटो पर रोक लगाई जा सके.
धनबाद के ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि ऑटो चालकों के लिए रूट कोड लागू किया गया है. इसे लागू करने का मकसद है शहर को जाम से मुक्ति दिलाना. अब शहर में सिर्फ वही ऑटो प्रवेश कर पाएंगे, जिनके पास रूट कोड होगा.
बता दे कि शहर में 5000 ऑटो थे. इतनी अधिक संख्या में ऑटो होने के कारण भी शहर में जाम लगने का कारण थी. जिला प्रशासन ने अब शहर में 2500 ऑटो को उनके रूट के अनुसार निर्धारित कर दिए है , साथ ही उतने को ही रूट कोड ( बार कोड ) दिया गया है .

