धनबाद : सुदामडीह न्यू माइंस में 7 दिवसीय श्री श्री 1008 शत चंडी महायज्ञ का शुक्रवार को कलश जल यात्रा से शुभारंभ किया गया है. जिसमें 301 महिलाएं सिर पर कलश लिए सुदामडीह रिवर साइड स्थित श्री श्री सूर्यधाम मंदिर स्थित दामोदर नदी घाट पहुंची. अयोध्या से पधारे आचार्य पुरुषोत्तम शास्त्री अपने सह पंडितो के साथ मंत्रोच्चार के साथ जल भरणी का कार्यक्रम कराया. गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी. जय श्री राम, जय बजरंगबली, ॐ नमः शिवाय आदि के उदघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया. शनिवार को पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, अग्नि प्राकटय व पाठ प्रारंभ होगा. 17 फरवरी को यज्ञ पूर्णाहुति, कन्या पूजन व महा भंडारा किया जाएगा. वही शनिवार से अयोध्या से पधारे पंडित अभिषेक कृष्ण शास्त्री द्वारा संध्या में भागवत कथा का आयोजन किया जायेगा. कलश यात्रा में मुख्य अथिति के रूप में एमसीसी के केंद्रीय अध्यक्ष जगदीश रवानी मौजूद रहे. कार्यक्रम को सफल बनाने में सुदामडीह यज्ञ आयोजन समिति के डॉ बीरेंद्र कुमार, सुभाष सुपकार, बैधनाथ रवानी, अमित सरकार, पंकज दुबे, वीरेंद्र रवानी, मुकेश भटाचार्जी, मिथुन, रूपक, मुकेश, राजन, किशोरी प्रसाद, काली, विक्की आदि की सराहनीय भूमिका रही.

