नकाबपोश अपराधियों ने रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के कोनका घाटी में व्यवसायी से मारपीट कर दिनदहाड़े एक लाख बीस हजार रुपये लूट लिए. उसे गोली मारने की भी धमकी दी. भुक्तभोगी बिनोद यादव के आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
भुक्त्भोगी मैक्लुस्कीगंज के बिकास नगर निवासी बिनोद यादव ने बताया कि अपने टेम्पो से रांची पंडरा मंडी जा रहा था. इसी क्रम में कोनका घाटी के पास ओवर टेक कर एक लाल काला रंग की पैशन मोटर साइकिल पर सवार तीन अज्ञात लोगों ने टेम्पो को रुकने का इशारा किया. टेम्पो के रुकते ही तीनों उसके साथ मारपीट करने लगे. कनपटी में पिस्तौल सटाकर गोली मारने की धमकी भी दे रहे थे. अपराधियों ने रुपयों से भरी थैली और गले से सोने की चेन की छिनतई कर दुल्ली की ओर भाग गए. भुक्तभोगी बिनोद यादव ने बताया कि पिछले 16 फरवरी के दिन बुधवार को बिकास नगर स्थित उसकी दुकान में ही किसी से बहस हुई थी. संबंधित युवक द्वारा व्यवसायी को देख लेने की बात कही गयी थी.
बिनोद यादव ने घटना की सूचना मैक्लुस्कीगंज थाना को दी. स्थानीय पुलिस ने बिनोद यादव को लेकर घटना स्थल का मुआयना भी किया.
घटना को लेकर खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि व्यवसायी के आवेदन पर एफआईआर दर्ज की गयी है. व्यवसायी की दुकान पर हुई बहस को लेकर संबंधित युवक सहित बिनोद यादव के पिता रामदेव यादव व भाई से भी पूछताछ की जायेगी.

