रांचीः पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र स्थित लांजी जंगल में नक्सलियों ने गुरुवार की सुबह आईइडी ब्लास्ट कर दिया। विस्फोट की चपेट में आने से झारखंड जगुआर के तीन जवान शहीद जबकि दो जवान जख्मी हो गए। शहीद जवानों में सिमडेगा के कोलेबिरा प्रखंड नवाटोली पंचायत के गोबरधसा गांव निवासी किरण सुरीन भी शामिल हैं।किरण सुरीन एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 10 फरवरी को अंतिम बार गांव आए थे और अगले ही दिन वापस चले गए थे। उनकी शादी दो साल पूर्व ही हुई थी। दो भाई और एक बहन में सबसे बड़े किरण सुरीन की पत्नी ग्रेस सुरीन जमशेदपुर में गर्वमेंट टीचर है। किरण सुरीन ने 2017 में झारखंड जगुआर ज्वॉइन किया था।किरण सुरीन के शहीद होने की सूचना के बाद उनके घर पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उनकी मां ग्लेडी सुरीन रो-रोकर बेहोश हो रही है। पिता इस्राइल सुरीन के आंखों से आंसू नहीं थम रहे हैं।

