नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग प्रदेश भर में गंगा सफाई और जल संरक्षण के क्षेत्र में विशेष योगदान करने वाली सामाजिक संस्थाओं और उनसे जुड़े लोगों को सम्मानित करेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन समाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे. जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को समीक्षा बैठक के दौरान अफसरों को योजना की तैयारी के निर्देश दिए हैं. जलशक्ति मंत्री ने कहा कि गंगा की सफाई और जल संरक्षण के लिए स्वप्रेरणा से बेहतरीन कार्य कर रहे सामाजिक संगठनों और उनसे जुड़े लोगों को सम्मान मिलना ही चाहिए.
मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारी काम के आधार पर हर जिले से एक व्यक्ति का नाम तय कर प्रदेश भर से 75 लोगों की सूची एक सप्ताह में तैयार करें. नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के इंजीनियरों और कर्मचारियों को भी उनके बेहतर कार्य के लिए पुरस्कार दिया जाएगा. उन्होंने पुरस्कार के लिए अधिकारियों की सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए हैं. राज्य स्तर पर इन पुरस्कारों का वितरण मुख्यमंत्री और जल शक्ति मंत्री के द्वारा किया जाएगा. जल शक्ति मंत्री ने 15 मई को संभावित तिथि मान कर सम्मान समारोह की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

