मध्य प्रदेश के कटनी जिले में नर्मदा घाटी परियोजना के तहत बनाई जा रही अंडरग्राउंड टनल शनिवार की देर शाम धंस गई है, काम कर रहे कई मजदूर अंदर फंस गए है. पांच मजदूरो को रेस्क्यू कर बचा लिया गया है. शेष के लिए रेस्क्यू कार्य अभी जारी है. रेस्क्यू कार्य में राज्य आपदा मोचन बल के जवान लगे हुए है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिलाधिकारी से बात कर हादसे के संबंध में जानकारी ली है. वहीं स्थानीय प्रशासन ने बताया कि निर्माणाधीन सुरंग के धंसने से 9 मजदूर फंस गए. इनमें से 5 मजदूरों को बचा लिया गया है. 4 मजदूरों को रेस्क्यू करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक घटना कटनी जिले के स्लीमनाबाद की है. स्लीमनाबाद में नर्मदा घाटी परियोजना के तहत नदी के दाएं तट पर टनल बनाने का काम चल रहा था. नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध से बाणसागर तक अंडरग्राउंड टनल बनाने के काम के दौरान मिट्टी धंस गई जिससे नीचे काम कर रहे 9 मजदूर फंस गए.
शुरुआत में ही 3 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया. बताया जा रहा है कि टनल में अंदर फंसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. रात का समय और गहराई में फंसे होने के चलते मजदूरो को निकालने में परेशानी हो रही है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं. टनल में फंसे 9 मजदूरों को निकालने के लिए शाफ्ट बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर घटना के संबंध में जानकारी ली. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे में घायल श्रमिकों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं

