शिरोमणि अकाली दल से अलग होने के बाद भाजपा पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींडसा की शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ चुनाव लड़ रही है। सीटों का बंटवारा भी तीनों दलों के बिच हो गया है. गठबंधन के तीनों दलों ने आसन्न चुनाव में सिखों को लेकर विशेष रणनीति बनाई है। चुनावी मंथन के बाद गठबंधन के सभी सहयोगियों ने तय किया है कि विधानसभा की कुल 117 सीटों में 70 पर सिख चेहरों को उतारा जाए। अकेले भारतीय जनता पार्टी ने ही 33 से 35 सिख चेहरों को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने गठबंधन के अन्य साथी पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) को भी ऐसा करने की सलाह दी है.
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए त्रिकोणीय गठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि भाजपा 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, पंजाब लोक कांग्रेस प्रमुख 37 सीटों पर और शिअद-संयुक्त प्रमुख 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। नड्डा ने कहा कि पंजाब पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। यह चुनाव स्थिरता और सुरक्षा के लिए है। हम पंजाब में ‘माफिया राज’ खत्म करेंगे।

