पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कथित तौर पर नशे की हालत में एक गुरुद्वारे में प्रवेश करने पर पुलिस में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गयी है. दिल्ली भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने पंजाब के डीजीपी से उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. भाजपा नेता ने ट्विटर पर शिकायत का स्क्रीनशॉट शेयर इसकी जानकारी दी. ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा “पंजाब के सीएम भगवंत मान के खिलाफ नशे की हालत में गुरुद्वारा दमदमा साहिब में प्रवेश करने के लिए पुलिस शिकायत दर्ज कराई है. मैं डीजीपी पंजाब पुलिस और पंजाब पुलिस से मेरी शिकायत पर कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं.”
इससे पहले शुक्रवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आरोप लगाया था कि पंजाब के मुख्यमंत्री और आप के नेता भगवंत सिंह मान ने 14 अप्रैल को बैसाखी के मौके पर नशे की हालत में तख्त दमदमा साहिब में प्रवेश किया था. एसजीपीसी ने इसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री से माफी की भी मांग की थी.

